उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी आईटीआई में प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थी 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक संबंधित संस्थानों में प्रवेश ले सकेंगे। अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र, मूल प्रमाण-पत्र, अंकपत्रों की प्रतियां और फोटो के साथ संस्थान पहुंचना होगा।
प्रदेश की राजकीय, निजी व पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में चल रही नए सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया में पहले चरण का सीट एलॉटमेंट जारी कर दिया गया है। इसके तहत अभ्यर्थी आज से प्रवेश और अपनी सीट फ्रीज-फ्लोट कर सकेंगे। इसमें छह महीने, एक साल व दो साल के पाठ्यक्रम शामिल हैं।
विज्ञापन
इस साल आईटीआई की प्रवेश प्रक्रिया काफी लेट चल रही है। वहीं 15 अगस्त तक छात्रों से चॉइस लेकर राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) द्वारा आगे की प्रक्रिया नहीं घोषित की जा रही थी। अमर उजाला द्वारा इससे संबंधित खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। इस क्रम में एससीवीटी द्वारा बुधवार को सीट एलॉटमेंट जारी किया गया है।
अपनी सीट फ्रीज व फ्लोट करेंगे
एससीवीटी के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी अपने प्रवेश परिणाम की जानकारी वेबसाइट http://www.scvtup.in व http://www.upvesd.gov.in/dte देखें। अभ्यर्थी 27 अगस्त से चार सितंबर तक प्रवेश व अपनी सीट फ्रीज व फ्लोट करेंगे। अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र प्रिंट लेकर प्रवेश भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी के मोबाइल नम्बर पर चयन की सूचना एसएमएस द्वारा भी दी जा रही है।
प्रवेशित अभ्यर्थी अपने बुलावा पत्र की प्रति, सभी मूल प्रमाण, अंक पत्रों की प्रति व उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति आदि के साथ संबंधित संस्थान के प्रधानाचार्य से संपर्क करके प्रवेश सुनिश्चित कराएं। अभ्यर्थी प्रवेश के साथ ही अपग्रेडेशन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने पास के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। हेल्प डेस्क 0522-4150500, 7897992063 पर संपर्क कर सकते हैं।