झारखंड में आयोजित एक धार्मिक सभा में मौलाना जर्जिस अंसारी का एक वीडियो वायरल होने के बाद भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में मौलाना ने श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय के दसवें श्लोक का हवाला देते हुए दावा किया है कि भगवान श्रीकृष्ण पांचों वक्त की नमाज पढ़ते थे।
23 जून का बताया जा रहा है यह वीडियो
इटावा के बाह अड्डा निवासी मौलाना जर्जिस अंसारी का भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो झारखंड में 23 जून को आयोजित एक धार्मिक सभा का है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मौलाना जर्जिस अंसारी श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय के 10वें श्लोक की व्याख्या कर दावा करते दिखाई दे रहे हैं कि उसमें वर्णित ध्यान और साधना का आशय नमाज से है। वीडियो में वह भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि वह पांचों वक्त नमाज पढ़ते थे। भगवान श्रीराम के बारे में भी इसी प्रकार का दावा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद कई संतों, धार्मिक संगठनों और हिंदू संगठनों ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां सनातन आस्था का अपमान हैं और सामाजिक व सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं।