कोरोना काल के चलते अप्रैल 2020 से फरवरी 2021 तक 67.7 फीसदी ही राजस्व वसूली हो पाई है। हालांकि जुलाई 2020 के बाद राजस्व वसूली की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। यह जानकारी वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को दी।
विज्ञापन
उन्होंने मौजूदा वित्त वर्ष में फरवरी तक हुई राजस्व वसूली के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि पिछले साल कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लगने के बाद अप्रैल महीने में राजस्व वसूली में भारी कमी आई थी। हालांकि लॉकडाउन खत्म होने के बाद सरकार ने राजस्व वसूली पर खास फोकस किया तो स्थिति में तेजी से सुधार भी हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अन्य राज्यों की अपेक्षा राजस्व वसूली में यूपी में बेहतर काम हुआ है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए कुल 1 लाख 50 हजार 518 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा था। इसमें से अब तक 1 लाख 1 हजार 910 करोड़ रुपये (67.7 प्रतिशत) राजस्व वसूली हुई है। उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक सबसे कम राजस्व वसूली भू-राजस्व विभाग में हुई है। इस मद में लक्ष्य के मुकाबले मात्र 32.5 प्रतिशत की वसूली हो पाई है। जबकि जीएसटी और वैट में लक्ष्य के मुकाबले 66.6 प्रतिशत और स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में 67.6 प्रतिशत राजस्व वसूली हुई है।