पीडब्ल्यूडी मुख्यालय को शासन को सड़कों और पुलों के एस्टीमेट ऑनलाइन ई-ऑफिस के माध्यम से भेजने होंगे। निर्देशों का पालन न करने वाले अधिकारियों को पहली बार प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। दूसरी बार ऐसा होने पर इंक्रीमेंट रोकने जैसे दंड भी दिए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी में करीब तीन वर्ष पहले ई-एस्टीमेटर की व्यवस्था लागू की गई थी। इसके तहत सभी एस्टीमेट ऑनलाइन ही भेजे जाएंगे। तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने बड़ी ही तैयारियों के साथ ई-एस्टीमेटर की व्यवस्था का शुभारंभ किया था। लेकिन, यह व्यवस्था आज तक विभाग में लागू नहीं हो पाई है। अभी भी एस्टीमेट ऑफलाइन ही आगे बढ़ाए जा रहे है। इससे पारदर्शिता का अभाव रहता है और गड़बड़ियों की आशंका बनी रहती है।
अब शासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी आगणन डिजिटल सिग्नेचर के साथ ई-ऑफिस से भेजे जाएंगे। पालन न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ तत्काल दंड का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी विभागाध्यक्ष योगेश पंवार ने मुख्य अभियंता (मुख्यालय-1) और मुख्य अभियंता (सेतु) को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पत्र भेज दिया है।