यूआईडीएआई के डिप्टी डायरेक्टर प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पहले पिता का नाम पते वाले कॉलम में ही प्रिंट होता था। अब उसको हटा दिया गया है। आधार अपडेट कराने पर सिर्फ पता ही प्रिंट होता है।
जिन विभागों में जनयोजनाओं संबंधी प्रक्रिया में आधार से जानकारी ली जाती है, उन सभी को अपना सिस्टम इसी के अनुसार अपडेट करना होगा। यूआईडीएआई की तरफ से विभागों को इसकी जानकारी दी जा रही है। जरूरत होगी तो जहां दिक्कत आ रही है, उन विभागों को इस बारे में पत्र भेजकर अवगत कराया जाएगा।
ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों के लिए एनआईसी का सर्वर मुसीबतें पैदा कर रहा है। बीते दिनों पूरे दिन सर्वर ठप रहा, जिससे आवेदकों को निराश लौटना पड़ा। एनआईसी के सर्वर की दिक्कतें कई महीनों से लगातार बनी हुई हैं। लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया ऑनलाइन है। ऐसे में आरटीओ का हस्तक्षेप खत्म हो गया है। इससे आवेदकों को आए दिन दुश्वारियां हो रही हैं। इस संबंध में आरटीओ में शिकायत दर्ज कराने के बाद एनआईसी को सूचना दी गई, लेकिन सर्वर अपग्रेड नहीं किया गया। लखनऊ में करीब 250 आवेदकों के डीएल नहीं बन सके। 13 आवेदकों ने ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ में मदद की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें निराश लौटना पड़ा।
जल्द निकाला जाएगा समाधान
लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया ऑनलाइन है। आधार में पिता का नाम नहीं होने या फिर स्पेशल कैरेक्टर होने से आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने की शिकायतें आ रही हैं। इसे लेकर उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है। जल्द ही इसका समाधान निकाला जाएगा।-प्रदीप कुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन