समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव 2027 के लिए मंगलवार रात पांच प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। घोषित किए गए प्रत्याशियों में दो उन सीटों के उम्मीदवार भी हैं जिन सीटों पर कांग्रेस ने दावेदारी करते हुए सपा नेतृत्व को सूची सौंपी थी।
कांग्रेस ने गठबंधन में सपा से यूपी में 181 सीटों की मांग की थी। इस सूची में सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात सीट भी थी पर सपा ने इन दो सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए। बेहट विधानसभा सीट पर उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट पर आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है। मालूम हो कि कांग्रेस की ओर से बीते दिनों 181 उम्मीदवारों की सूची सौंपी गई थी जिनमें इन दो सीटों पर भी दावेदारी की गई थी।
इमरान मसूद बोले- गंभीरता की कमी
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा की सीटों की घोषणा पर कहा, "जो कुछ भी यहां हो रहा है, उससे ऐसा लग रहा है कि इस मामले में गंभीरता की कमी है। गंभीरता इसलिए नहीं है क्योंकि एक तरफ आप (समाजवादी पार्टी) बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ आप घोषणाएं कर रहे हैं, जिससे पता चलता है कि इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।चर्चाएं गंभीर तरीके से हो रही थीं, लोग साथ बैठकर गंभीरता से बात कर रहे थे, लेकिन अचानक यह हो गया। तो अब हम अपनी पार्टी के अंदर चर्चा करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए, क्या हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं, क्योंकि इस स्थिति में क्या करना है, इसका फैसला पार्टी लेगी।जब आपने मेरे खिलाफ यह घोषणा कर दी है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं, या बीजेपी से? यह तो तय करना होगा ना, कि आप बीजेपी से लड़ना चाहते हैं या हमसे? तो मैं इस बारे में क्या कह सकता हूं?"
सीट शेयरिंग को लेकर दो दौर की हो चुकी है चर्चा
सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग को लेकर दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं के बीच दो दौर की बात हो चुकी है और अभी दो दौर की बातचीत और होने की बात भी कही जा रही है। मंगलवार को बैठक के बाद सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने हालांकि, इस बात से इनकार कर दिया था कि कांग्रेस की ओर से सपा नेतृत्व को कोई लिस्ट दी गई है। उन्होंने बयान दिया था कि "हम लोगों ने हर सीट पर चर्चा की। बहुत ही सकारात्मक चर्चा हुई। 403 सीटें बहुत सीटें हैं इसलिए अभी चर्चा पूरा नहीं हो पाया है लेकिन आप भरोसा रखिए कि गठबंधन की अगली दो बैठकों के बाद हम लोग अपनी चर्चा पूरा कर लेंगे... किसी ने अभी सीटों की मांग नहीं की है। हम सब सीटों पर चर्चा कर रहे हैं... वार्ता तब तक चलती रहेगी, जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता है… जल्द ही हम अगली बैठक करेंगे..."
वहीं, कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बैठक के बाद कहा था कि अगली दो बैठकों के अंदर पूरा निर्णय ले लिया जाएगा। काफी बड़ी मात्रा में सीटों पर चर्चा हो चुकी है। एक-एक सीट पर डेटा के साथ बातचीत हुई है। सकारात्मक बातचीत चल रही है। हम बहुत सकारात्मक सोच के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं... निश्चित है कि दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं... अगली दो बैठकों में हम लोग इसे संपन्न कर लेंगे और हमारा समझौता हो जाएगा...।
ऐसे में सपा की ओर से बातचीत के बीच ही सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा ने गठबंधन में वार्ता प्रक्रिया पर ही सवाल उठा दिए हैं। हालांकि, प्रत्याशियों की घोषणा पर कांग्रेस ने अभी बयान जारी नहीं किया है। वहीं, अखिलेश यादव ने भी कहा था कि सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश एक शुरुआत भर है। आगे वार्ता जारी है।