उत्तर प्रदेश में वर्ष 2019 में छह मुस्लिम सांसद जीते थे, लेकिन इस बार पांच मुस्लिम प्रत्याशियों को ही विजय मिली। सपा ने चार मुस्लिम प्रत्याशी उतारे थे और इनमें से चारों जीत गए। जबकि, कांग्रेस के दो मुस्लिम प्रत्याशियों में से एक ही जीता।
सपा के टिकट पर कैराना से इकरा चौधरी, रामपुर से मोहिबुल्लाह, संभल से जियाउर्रहमान और गाजीपुर से अफजाल अंसारी जीत गए। कांग्रेस ने सहारनपुर से इमरान मसूद और अमरोहा से कुंवर दानिश अली को उतारा था, लेकिन कुंवर दानिश अली भाजपा प्रत्याशी से हार गए।
सात केंद्रीय मंत्री और यूपी सरकार के दो मंत्रियों को मिली मात
इनके अलावा, लोकसभा चुनाव में यूपी में अपनी किस्मत आजमा रहे कई केंद्रीय मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, संजीव बालियान, अजय मिश्रा टेनी, महेंद्र नाथ पांडेय, साध्वी निरंजन ज्योति, कौशल किशोर, भानु प्रताप वर्मा को शिकस्त का सामना करना पड़ा है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अनुप्रिया पटेल, पंकज चौधरी, एसपी सिंह बघेल को जीत हासिल हुई है। राज्य सरकार के जिन चार मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा गया था, उनमें से जयवीर सिंह मैनपुरी से, दिनेश प्रताप सिंह रायबरेली से चुनाव हार गए हैं।