प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि ईरान-इस्राइल तनाव के बीच यूपी के कामगार सुरक्षित हैं।मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस्राइल में करीब 6000 और गल्फ देशों में लगभग 2800 श्रमिकों को श्रम विभाग के माध्यम से रोजगार के लिए भेजा गया है। सभी कामगार सुरक्षित स्थानों पर हैं जहां वे कार्यरत हैं, वहां युद्ध जैसी कोई स्थिति नहीं है।
मंत्री ने कहा कि भारतीय दूतावास की ओर से श्रमिकों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गल्फ देशों में रह रहे कामगारों से बातचीत की गई है और सभी ने खुद को खतरे से बाहर बताया है। लड़ाई का क्षेत्र उनके कार्यस्थलों से काफी दूर है।
शिया समुदाय के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल राजभर ने कहा कि अपनी भावनाओं को शांतिपूर्ण तरीके से व्यक्त करना चाहिए। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत पर उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत सरकार की कूटनीति काम करती है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।