बलरामपुर में अवैध धर्मांतरण का सिंडीकेट चलाने वाले जमालुद्दीन उर्फ छांगुर और उसके सहयोगी नवीन रोहरा को कस्टडी रिमांड पर देने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत में अर्जी दाखिल कर दी है। इस मामले की पीएमएलए की विशेष अदालत में जल्द सुनवाई होगी।
विज्ञापन
बता दें कि छांगुर को बीते दिनों एटीएस ने गिरफ्तार करने के बाद पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। वहीं एटीएस की एफआईआर के आधार पर ईडी ने भी छांगुर और उसके करीबियों के खिलाफ मनी लांड्रिंग का केस दर्ज करने के बाद बलरामपुर और मुंबई के 15 ठिकानों पर छापा मारा था।
अब ईडी छांगुर और नवीन को रिमांड पर लेकर उनके बैंक खातों में आए करोड़ों रुपये के बारे में पूछताछ करेगी। साथ ही बलरामपुर, पुणे, मुंबई आदि शहरों में खरीदी गई संपत्तियों के लिए कहां से पैसा आया था, इस बारे में भी गहनता से जांच करेगी। दरअसल, ईडी को छांगुर के ठिकानों पर छापों के दौरान तमाम संपत्तियों के दस्तावेज मिले थे। ईडी ने छांगुर और उसके करीबियों के 22 बैंक खातों में करीब 60 करोड़ रुपये आने का भी ब्योरा जुटाया था।