Illegal conversion in UP: बलरामपुर के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आगरा के अवैध धर्मांतरण सिंडीकेट की जांच भी शुरू कर दी है। कुछ अहम जानकारियां भी सामने आई हैं।
बलरामपुर के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आगरा के अवैध धर्मांतरण सिंडीकेट की जांच भी शुरू कर दी है। ईडी की इंटेलिजेंस विंग इस मामले की एफआईआर समेत सभी तथ्य जुटा रही है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
बता दें कि बलरामपुर के अलावा आगरा के मामले में भी अवैध धर्मांतरण के लिए विदेश से फंडिंग होने के प्रमाण पुलिस को मिले हैं। अधिकारियों का मानना है कि दोनों ही प्रकरणों में फंडिंग करने वाली कुछ संस्थाएं शामिल हैं, जिनके तार खाड़ी देशों के साथ युनाइटेड किंगडम, अमेरिका और कनाडा से भी जुड़ रहे हैं।
इन संस्थाओं ने अवैध धर्मांतरण के लिए फंडिंग का किस रूट का सहारा लिया, इसकी पड़ताल की जानी है। यह आशंका भी जताई जा रही है कि बलरामपुर और आगरा के अलावा देश में कई अन्य जगहों पर भी इस सिंडीकेट में शामिल संस्थाएं फंडिंग कर रही हैं, जिसकी गहनता से जांच करना जरूरी है। बता दें कि ईडी ने बीते दिनों बलरामपुर और मुंबई में अवैध धर्मांतरण सिंडीकेट से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापा मारकर करोड़ों रुपये की फंडिंग के सबूत जुटाए थे।