उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा।
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस द्वारा प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए भेजी गई बसों पर हुए विवाद के बाद शुक्रवार को कोटा से राजस्थान सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई गई बसों के किराए पर घमासान मच गया जिस पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर सफाई दी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने बयान जारी किया। यूपी सरकार कहना है कि राजस्थान सरकार द्वारा भेजे गए 36 लाख रुपये के बिल का भुगतान कर दिया गया है।
दरअसल, राजस्थान के कोटा से बच्चों को प्रदेश वापस लाने के लिए यूपीएसआरटीसी ने 560 बसें भेजी थी लेकिन बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण प्रदेश सरकार ने राजस्थान सरकार से मदद मांगी थी जिस पर राजस्थान रोडवेज ने जो बसें मुहैया करवाई थीं उसका बिल उन्होंने भेजा था जिसका भुगतान यूपी सरकार ने कर दिया।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने जानकारी दी कि बसों में डलवाए गए डीजल के एवज में 19 लाख रुपये का भुगतान 5 मई को ही कर दिया गया था। वहीं, यूपीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक राजशेखर ने कहा कि राजस्थान रोडवेज द्वारा 94 बसों की मदद की गई थी जिसका भुगतान किया जा चुका है।
बता दें कि इसके पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा भेजी गई बसों को लेकर भी जमकर सियासत हुई थी। जिसके बाद बसों को यूपी बॉर्डर से ही वापस कर दिया गया था।