प्रदेश में शनिवार को घने कोहरे, बारिश और गलन भरी हवाओं के बाद ज्यादातर इलाकों में धूप खिली। शाम को फिर गलन ने लोगों को परेशान किया। वहीं शनिवार को बुलंदशहर पांच डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग ने 32 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी तक सुबह कोहरे के बाद दिन चढ़ते ही धूप खिलने के आसार हैं। दिन के पारे में बढ़ोतरी दिखेगी। हालांकि उत्तरी पछुआ हवाओं के असर से रात में गलन बरकरार रहेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 21 जनवरी से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के मौसम में फिर से बदलाव दिखेगा। 22 व 23 जनवरी को बारिश होने की संभावना है।
देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाकों में घना कोहरा रहने की आशंका है।