यात्रियों का आरोप- नशे में था चालक, कई बार रोका
हादसे के बाद यात्रियों ने चालक पर नशे में बस चलाने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि राजस्थान से लखनऊ तक के रास्ते में चालक और परिचालक ने कई जगह रुककर शराब पी थी।
चालक की हालत देखकर यात्रियों ने उसे कई बार बस रोकने और सावधानी से चलाने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी धुन में तेज रफ्तार से बस दौड़ाता रहा। हालांकि, नशे में होने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। प्रारंभिक जानकारी में बस का पिछला टायर फटने से हादसा होने की आशंका भी जताई गई है।
बच्चों समेत 55 से अधिक यात्रियों को निकाला
सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे बस खंती में पलटने के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंचे। सूचना पर पुलिस, एनडीआरएफ और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, बस में 52 यात्री सवार थे। इनमें 29 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान भी दो यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में बिहार के बेगूसराय निवासी 63 वर्षीय शंकर रजक की पहचान हुई है।
दो मासूम बच्चियां भी घायल
हादसे में बिहार के वैशाली की चांदनी और उनकी दो वर्षीय बेटी आरोही व तीन वर्षीय बेटी संध्या भी घायल हुई हैं। इसके अलावा आजमगढ़, महाराजगंज, देवरिया और बिहार के अलग-अलग जिलों के यात्री चोटिल हुए हैं। अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है। जिस सफर में लोग अपनों से मिलने की उम्मीद लेकर निकले थे, वह रास्ते में ही चीख-पुकार और मातम में बदल गया।