यूपी स्वास्थ्य विभाग में हुए बदलाव।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रदेश के छह जिलों में नए मुख्य चिकित्साधिकारियों की तैनाती की गई है। इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने आदेश जारी कर दिया है। सभी को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है।
जारी आदेश में देवरिया के सीएमओ डॉ. राजेश झा को गोरखपुर और लखीमपुर खीरी के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता को देवरिया का सीएमओ बनाया गया है।
महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक डॉ. संजय कुमार को अंबेडकरनगर, कासगंज जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. अनुपम प्रकाश भाष्कर को कुशीनगर का सीएमओ बनाया गया है। इसी तरह आगरा के एसीएमओ डॉ. संजीव वर्मन को बलिया और बलिया के सीएमओ डॉ. विजय पति द्विवेदी को जिला महिला अस्पताल में वरिष्ठ परामर्शदाता नियुक्त किया गया है। मुरादाबाद के एसीएमओ डॉ. भरत भूषण को सुल्तानपुर का सीएमओ और यहां सीएमओ रहे डॉ. ओम प्रकाश को जिला अस्पताल गोरखपुर में वरिष्ठ परामर्शदाता पद पर भेजा गया है।
रायबरेली जिला अस्पताल में आईसीयू वेंटिलेटर यूनिट शुरू
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर रायबरेली जिला अस्पताल में आईसीयू-वेंटिलेटर यूनिट की शुरूआत की गई है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि लखनऊ मंडल के सभी जिला अस्पतालों में आईसीयू वेंटिलेटर की सुविधाओं में वृद्धि की जा रही है। इसी क्रम में रायबरेली के जिला अस्पताल में 10 बेड का आईसीयू वेंटिलेटर यूनिट शुरू किया गया है। इससे स्ट्रोक, दिल, सांस लेने में तकलीफ, सर्प दंश, आर्गन फेलयोर, हेड इंजरी, फूड प्वाइजनिंग के गंभीर अवस्था में अस्पताल लाए गए मरीजों को राहत मिलेगी। रायबरेली के डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण आदि प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि लखनऊ मंडल के 6 में पांच जनपदों में आईसीयू - वेंटीलेटर की सुविधा बीते 2 माह से शुरू हो गई थी। आखिरी जनपद रायबरेली पुरुष जिला अस्पताल में 10 बेड का आईसीयू विद वेंटीलेटर यूनिट भी शुरू किया गया है। मौजूदा समय में जनपद सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई में 10-10 बेड का आईसीयू-वेंटिलेटर हैं। जबकि उन्नाव में 6 बेड का आईसीयू विद वेंटिलेटर की सुविधा नियमित रूप से संचालित है।