परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति ने उत्तर प्रदेश का बेड़ा गर्क किया था
सीएम योगी ने 80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ये उपलब्धियां पहले भी हासिल कर चुकी है। कितना भी दुष्प्रचार ये लोग करें, कितना भी विभाजन करें, उत्तर प्रदेश का हर व्यक्ति जानता है कि परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति ने, विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश का बेड़ा गर्क किया था।
हर बेटी को असुरक्षित किया था, हर व्यापारी को रंगदारी देने के लिए मजबूर किया था, हर नौजवान की नौकरी पर सेंध लगाया गया था और उत्तर प्रदेश को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर कर दिया था। कर्फ्यू और दंगा यूपी की पहचान बन चुके थे। समाज के हर तबके के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर हमला करते हुए कहा कि योजनाओं पर ही परिवार का वर्चस्व नहीं था, बल्कि यूपी की पूरी राजनीति तुष्टीकरण की पराकाष्ठा पर चल रही थी। अपराधियों के राजनीतिकरण शब्द को तो आपने सुना होगा, लेकिन राजनीति का ही अपराधीकरण हो जाए, यह समाजवादी पार्टी की पहचान थी।
वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया इनकी पहचान बन चुकी थी। हर थाने में इनके गुंडे कब्जा कर चुके थे। भर्ती आयोगों में भी इन्होंने अराजकता पैदा की। जो व्यक्ति चेयरमैन बनने के लिए पात्र भी नहीं था, उसको चेयरमैन बनाकर भर्ती आयोगों पर कब्जा किया गया और अपने लोगों को जबरन भर्ती करने का प्रयास हुआ। एक-एक मुन्ना भाई को ये लोग नियुक्ति पत्र देते थे, जिसने परीक्षा ही नहीं दी, उसको भी नियुक्ति पत्र प्राप्त होता था।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की क्या रणनीति है?
कानून-व्यवस्था में बदलाव को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने एचसीएल टेक के लखनऊ कैंपस का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में केवल 100 लोग काम करते थे, जबकि आज यहां उत्तर प्रदेश के 18,000 युवा कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कैंपस में काम करने वाली कई बेटियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से आती हैं। उन्होंने उनसे पूछा कि क्या वे नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और क्या उन्हें रात में घर लौटते समय भय नहीं लगता? बेटियों ने बताया कि वे रात दो बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद अपनी बाइक से घर चली जाती हैं। उन्होंने कहा, 'कैसा भय? अब यूपी में गुंडाराज थोड़ी है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों का यह जवाब प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और उनके सम्मान का प्रमाण है।
निवेश और रोजगार के लिए बदली प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित वातावरण का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। एचसीएल ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है और काम तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट किया था, लेकिन एक भी इन्वेस्टर लखनऊ आने को तैयार नहीं था। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए पाखंड का सहारा लेता हो और नोएडा इसलिए न जाता हो कि कहीं कुर्सी चली न जाए, उस राज्य का बेड़ा गर्क होना ही होना था। जिस राज्य का मुख्यमंत्री दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास को कलंकित करता हो, उन्हें माला पहनाता हो, उस राज्य का बेड़ा गर्क होना ही था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता है, उसके दगापन का उपचार किया जाता है, उसको दाग दिया जाता है। आज किसी को सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों को आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की छूट यूपी में नहीं है। यही उत्तर प्रदेश का नया परसेप्शन है।