अयोध्या में अंतिम दर्शन के लिए लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
राम मंदिर आंदोलन को आगे बढ़ाने में वेदांती ने निभाई थी अहम भूमिका
प्रदेश के कृषि मंत्री मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी पूर्व सांसद व राम मंदिर आंदोलन के अहम किरदार रहे डॉ. रामविलास दास वेदांती को नमन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि डॉ. वेदांती बाल्यावस्था से ही अयोध्या में रहे। राम मंदिर आंदोलन को आगे बढ़ाने में डॉ. वेदांती ने जो भूमिका निभाई थी, वह कभी भुलाई नहीं जा सकेगी। राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो, इसके लिए उन्होंने देश भर में प्रवास किया।
लोगों को निरंतर जागरूक किया। हिंदुओं में चेतना जगाए रखी। उन्हें शास्त्रों का बेहद अच्छा ज्ञान था। 1989 से लेकर अब तक मुझे डॉ. रामविलास दास वेदांती का सानिध्य प्राप्त हुआ था। वह एक ओजस्वी वक्ता थे। अपने भाषणों से ऊर्जा भरने का काम करते थे।
मंदिर आंदोलन के कार्यक्रमों को विस्तार देने में वे हमेशा आगे रहते थे। वे रामकथा और भागवत कथा के मर्मज्ञ थे। इसके माध्यम से उन्होंने देश भर में मंदिर निर्माण की आवाज बुलंद की। उनका निधन सनातन संस्कृति के लिए गहरा आघात है, उनका योगदान स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।