यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब अगस्ता वेस्टलैंड एडब्ल्यू139 हेलिकॉप्टर से उड़ान भरेंगे। यह वीवीआईपी हेलिकॉप्टर 310 किमी/घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है, क्रैश सेफ्टी सिस्टम, डिजिटल ग्लास कॉकपिट और साउंडप्रूफ केबिन जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। खराब मौसम और रात में भी सुरक्षित उड़ान संभव है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हवाई यात्रा अब अधिक सुरक्षित और आधुनिक हो गई है। यूपी सरकार के विमान बेड़े में अत्याधुनिक अगस्ता वेस्टलैंड एडब्ल्यू139 हेलिकॉप्टर शामिल किया गया है। उसी से वह अब उड़ान भरेंगे। पांच मार्च को वह कानपुर भी इसी हेलीकॉप्टर से गए थे।
विज्ञापन
इटली की कंपनी लियोनार्डो का ये हेलिकॉप्टर वीवीआईपी यात्रा के लिए दुनिया के बेहतरीन हेलिकॉप्टरों में गिना जाता है। यह एक बार में 12 से 15 यात्रियों को लेकर उड़ान भर सकता है। इसकी अधिकतम रफ्तार लगभग 310 किलोमीटर प्रति घंटा है। खासियत है कि ये हेलिकॉप्टर खराब मौसम और रात के समय भी सुरक्षित उड़ान भरने में सक्षम है, जिससे आपात परिस्थितियों में भी इसका उपयोग किया जा सकता है।
खासियत और कीमत
डबल इंजन से लैस हेलिकॉप्टर में क्रैश सेफ्टी सिस्टम, डिजिटल ग्लास कॉकपिट और साउंडप्रूफ केबिन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। यदि किसी कारण एक इंजन में समस्या आ जाए तो दूसरा इंजन हेलिकॉप्टर को सुरक्षित उड़ान में बनाए रखता है। इसकी कीमत करीब एक अरब रुपये है। हेलिकॉप्टर को उड़ाने के लिए दो पायलटों की जरूरत होती है। इसके तकनीकी संचालन को समझने के लिए राज्य सरकार ने पिछले वर्ष अपने तीन पायलटों को इटली भेजकर विशेष प्रशिक्षण दिलाया था।