यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी ने अखिलेश सरकार की एम्बुलेंस सेवा से समाजवादी शब्द हटाने का निर्देश दिया है। बता दें कि यूपी में चुनाव के चलते आचार संहिता लगी हुई है।
अब तक चार चरणों के चुनाव हो चुके हैं और पांचवे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार थम चुका है। इसी बीच चुनाव आयोग की नजरें समाजवादी एम्बुलेंस पर टेढ़ी हो गईं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी ने मुख्य सचिव को समाजवादी एम्बुलेंस से समाजवादी शब्द को ढंकवाने के लिए पत्र लिखा है।
जानकारी के मुताबिक आचार संहिता के बावजूद समाजवादी स्वास्थ्य सेवा लिखी हुई एम्बुलेंस हर जगह घूम रही हैं। इसकी शिकायत मिलने पर निर्वाचन आयोग की तरफ से ये कदम उठाया गया।
इससे पहले चुनाव आयोग ने अखिलेश यादव की फोटो लगे बैग और लैपटॉप लगे बैग बांटने पर रोक लगा दी थी। बता दें कि यूपी सरकार की ज्यादातर योजनाओं में समाजवादी या अखिलेश और मुलायम सिंह की फोटो लगी है।