बेहतर अस्पताल और रोजगार पर जोर
चंद्रशेखर ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कहा कि जनता के लिए अच्छे अस्पताल बनाए जाएंगे, जहां जांच और इलाज आसानी से उपलब्ध हो सके। अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा। अस्पतालों और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की भी बात कही।
उन्होंने युवाओं के रोजगार के लिए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और स्थानीय स्तर पर निवेश आकर्षित करने का वादा किया। कहा कि ऐसे उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिनसे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले और उन्हें काम की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।
महिला सुरक्षा और लंबित भर्तियों का मुद्दा उठाया
चंद्रशेखर ने महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए लघु और कुटीर उद्योगों के माध्यम से रोजगार के अवसर तैयार किए जाएंगे। गरीबों की आर्थिक स्थिति सुधारने और लंबित भर्तियों के बैकलॉग को पूरा करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा और गरीबों के आर्थिक सशक्तीकरण जैसे मुद्दों पर काम करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।