अमेठी में गिरे ओले
अमेठी में पिछले 15 दिनों से 40 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान और उमस से लोग बेहाल थे। बुधवार दोपहर तक तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था, लेकिन करीब 12 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली।
तेज हवा के साथ आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ ही देर में बारिश के साथ ओले गिरने लगे। करीब 15 मिनट तक चली ओलावृष्टि से सड़कों और घरों की छतों पर सफेद परत जम गई। अचानक बदले मौसम के कारण लोग जहां थे, वहीं रुकने को मजबूर हो गए।
इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने जिले में चल रहे करीब 400 से अधिक वैवाहिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों पर असर डाला। कई स्थानों पर टेंट और सजावट को नुकसान पहुंचा, जिससे आयोजकों की चिंता बढ़ गई।