वोटरों को गर्मी से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए मतदेय स्थलों में आवश्यक प्रबंध किये गये हैं। मतदान केन्द्रों में ठंडा पानी, शौचालय और दिव्यांग व वृद्धों के लिए व्हील चेयर व कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। पोलिंग स्टेशन परिसर में मतदाताओं की कतार तक छाया के इंतजाम किये गये हैं। लू से बचाव के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर पैरामेडिक्स व आशा कार्यकर्ताओं को पर्याप्त मात्रा में ओआरएस एवं मेडिकल किट उपलब्ध कराई गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पैरामेडिक कर्मी भी तैनात किए गए हैं। आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को अलग-अलग नों पर रखा गयाहै, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से मतदान केन्द्रों व मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर भेजा जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिक तथा मतदाताओं को सलाह दी है कि गर्मी से बचने के लिए पूर्ण सावधानी बरतते हुए हल्के सूती वस्त्रों का प्रयोग करें। तेज धूप से बचाव हेतु टोपी, छाता एवं सर को ढ़कने के लिए सफेद सूती गमछा या अन्य कोई कपड़ा रखें। पानी की बोतल रखें, समय-समय पर आवश्यकतानुसार सादा जल, नींबू पानी या ओआरएस का प्रयोग करें। मतदान दिवस को तेज धूप निकलने से पहले ही मतदाता अधिक संख्या में मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदान करें।