69000 शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग कर रहे आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का धरना सोमवार को भी ईको गार्डन में जारी रहा। 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए है। वहीं सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई मंगलवार आठ अप्रैल को होगी। धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने मांग की कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में अभ्यर्थियों का पक्ष रखे।
अभ्यर्थियों का नेतृत्व कर रहे अमरेंद्र पटेल ने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण लागू करने में विसंगति के कारण अभ्यर्थी दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। हाईकोर्ट डबल बेंच ने न्याय देते हुए फैसला हमारे पक्ष में सुनाया है। सरकार की लापरवाही के कारण यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट में चला गया है। हमारी मांग है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में हमारा पक्ष मजबूती के साथ रखें। ताकि हमें न्याय मिल सके।
मोहन भागवत, सरसंघचालक, RSS
- फोटो : ANI
वाराणसी और मिर्जापुर में प्रवास के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डाॅ. मोहन भागवत मंगलवार को लखनऊ आएंगे। यहां भारती भवन में कुछ देर रुकने के बाद वह लखीमपुर खीरी के मुस्तफाबाद स्थित कबीर धाम जाएंगे। वहां पर संत असंगदेव भक्त आवास के लिए चयनित भूमि का पूजन कर शिलान्यास करेंगे। इसके बाद सत्संग में शामिल होंगे। वे 13 अप्रैल को कानपुर पहुंचेंगे और 14 अप्रैल को प्रदेश के पहले बहुमंजिला संघ भवन का उद्घाटन करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोहन भागवत सुबह ट्रेन से लखनऊ आएंगे और भारती भवन पहुंचेंगे। संभावना है कि वह राजधानी में संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें संघ के शताब्दी वर्ष की तैयारियों के बारे में चर्चा करने के साथ अहम दिशा-निर्देश भी देंगे। इसके बाद लखीमपुर के लिए रवाना होंगे। बता दें कि संघ प्रमुख पिछले पांच दिनों से वाराणसी में प्रवास पर थे। इसके बाद सोमवार को वह मिर्जापुर गए थे।
वहीं, संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल भी मंगलवार को लखनऊ में आ रहे हैं। वह निराला नगर स्थित कार्यालय में संघ और भाजपा नेताओं के साथ आर्थिक समूह की बैठक करेंगे। इसमें यूपी पूर्वी क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल, आर्थिक गतिविधियों से संबंधित मंत्रियों में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी, श्रम मंत्री अनिल राजभर, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर और एमएसएमई मंत्री राकेश सचान आदि भी शामिल होंगे।