आईआईटी कानपुर का नोएडा में डीप टेक यू हब
कैबिनेट ने नवाचार, अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीक आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में डीप टेक यू हब की स्थापना और भवन निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर कुल 281.03 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि परियोजना के तहत ईपीसी मोड में भवन निर्माण कराया जाएगा और इसे दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। डीप टेक यू हब को सेक्शन-8 कंपनी के रूप में पंजीकृत संस्था के तौर पर स्थापित किया जाएगा।
औद्योगिक विवाद संशोधन विधेयक-2020 वापस लेगी यूपी सरकार
राज्य सरकार उप्र. औद्योगिक विवाद (संशोधन) विधेयक 2020 को केंद्र सरकार से वापस ले रही है। औद्योगिक संबंध संहिता-2020 के अनुरूप विधेयक का एक प्रावधान नहीं होने के कारण केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे वापस लेने की अपेक्षा की थी।
कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। श्रमिकों के कल्याण और उद्योगों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए श्रम कानूनों में व्यापक बदलाव की प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार ने उप्र. औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया था। केंद्र सरकार ने पाया कि विधेयक की धारा 6 (ज) में प्रस्तावित संशोधन औद्योगिक संबंध संहिता 2020 के अनुरूप नहीं है, इसलिए विधेयक वापस लेने की अपेक्षा की गई थी।
अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज
3000 करोड़ रुपये या इससे अधिक के निवेश वाली रणनीतिक अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं को जरूरत के आधार पर विशेष प्रोत्साहन पैकेज देने पर प्राधिकृत समिति विचार कर सकेगी, हालांकि इस पर अंतिम फैसला कैबिनेट का होगा। यह नीति निवेशकों के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने की प्रक्रिया को आसान बनाने और बड़े निवेश प्रस्तावों को प्रोत्साहित करने का प्रयास है।