सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में पार्टी की ओर से संगठन चुनाव को लेकर आयोजित कार्यशाला में हर हाल में जनवरी तक सभी स्तरों पर संगठन चुनाव को पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस बारे में सभी प्रदेशों के चुनाव अधिकारियों और प्रदेश प्रभारियों को जिला, मंडल, क्षेत्र और प्रदेश स्तरीय संगठन के चुनाव की प्रक्रिया तत्काल शुरू करते हुए जनवरी तक पूरा करने को कहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि यूपी में जनवरी तक भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है।
दलित, ब्राह्मण व पिछड़े को लेकर मंथन
सूत्रों के मुताबिक यूपी में 2027 के चुनाव को देखते हुए भाजपा दलित व पिछड़े समाज के किसी चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है। हालांकि शीर्ष नेतृत्व ऐसे ब्राह्मण चेहरे को लेकर भी मंथन कर रहा है, जिसे अध्यक्ष बनाने से पार्टी को फायदा मिल सके। पर सबसे अधिक फोकस दलित व पिछड़े चेहरे पर ही है। उधर प्रदेश संगठन में दायित्व संभाल चुके कई वर्तमान व पूर्व पदाधिकारियों के अलावा कई मंत्री और पूर्व जनप्रतिनिधि भी प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर दावेदारी कर रखी है।