सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शेरो-शायरी के जरिये चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। साथ ही उससे निष्पक्ष चुनाव कराने की अपेक्षा की है। अखिलेश ने एक्स के जरिये कहा है-कठपुतली बन जाएं, किसी की, इतनी खुदगर्जी भी अच्छी नहीं। आईना मुंह मोड़ ले तुम्हें देख के, इतनी भी बे-जमीरी अच्छी नहीं। जब बने हो तुम हक के पहरेदार, तो सरेआम हकमारी अच्छी नहीं। अवाम को है तुमसे उम्मीदें बहुत, यूं तख्तों की वफादारी अच्छी नहीं। वक्त रहते सुन लो दिल की आवाज, यूं खुद से की गई गद्दारी अच्छी नहीं। जब मौका है, दुआओं को पाने का, यूं बद्दुआओं की कमाई अच्छी नहीं। यहां बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने भी लोकसभा चुनाव से पहले ईवीएम पर उठ रहे सवालों का शायराना अंदाज में जवाब दिया था। उसी तर्ज पर अखिलेश ने भी अब जवाब दिया है।