14 अप्रैल को बड़ी रैली की तैयारी में बसपा।
बहुजन समाज पार्टी आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर राजधानी में फिर से शक्ति प्रदर्शन करेगी। गोमतीनगर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल में प्रदेश के सभी 18 मंडलों के कार्यकर्ता और समर्थक जुटेंगे तो वहीं दूसरी ओर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद छत्तीसगढ़ के रायपुर में रैली को संबोधित करेंगे। इसी तरह अन्य राज्यों में भी वरिष्ठ पदाधिकारियों को वृहद तरीके से जयंती मनाने का निर्देश दिया गया है।
बसपा सुप्रीमो मायावती इस अवसर पर कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी कर सकती हैं। फिलहाल उनका जनसभा करने का कार्यक्रम अभी तक तय नहीं हुआ है, जिसकी वजह से यह माना जा रहा है कि बसपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ सभी 18 मंडलों के पदाधिकारी आंबेडकर पार्क में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
इसके लिए पूरी राजधानी को पोस्टर बैनर से पाटने की तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर बसपा सुप्रीमो डॉ. आंबेडकर द्वारा दिए गए आरक्षण के अधिकार में गड़बड़ी करने पर विपक्ष पर हमला बोलेंगी। इसके अलावा सपा द्वारा गांव-गांव में आंबेडकर जयंती मनाने को लेकर भी निशाना साधेंगी।
बसपा सुप्रीमो अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी दिशा-निर्देश देकर चुनावी बिगुल फूंकेंगी। पार्टी द्वारा इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जिलों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों से राजधानी आने का आह्वान किया गया है। कार्यक्रम में करीब 2 लाख लोगों की भीड़ जुटने का अनुमान है। इसके लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।