बसपा की रैली में आकाश आनंद।
- फोटो : अमर उजाला।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि पार्टी के संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर राजधानी में आयोजित रैली को देखकर विरोधी दलों और संगठनों के होश उड़ गए हैं। रैली में अपने खून-पसीने की कमाई के पैसे खर्च कर आए लोगों में खासकर युवाओं व महिलाओं की रिकार्ड भीड़ और यूपी में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने की जिद ने उनकी नींद उड़ा दी है।
बसपा सुप्रीमो ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में कहा कि ऐसे विरोधी दलों व संगठनों के नेताओं की बेतुकी बातों एवं बयानबाजी को महत्व नहीं दिया जाना चाहिए। इनके बारे में कुछ न कहा जाए, तो बेहतर होगा। वैसे भी बहुजन समाज के लोग अपने वोटों के बलबूते पर शोषित से शासक वर्ग बनकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का सपना पूरा करने के लिए कितने तत्पर व संघर्षशील हैं, इसकी स्पष्ट झलक उन्होंने रैली में पूरे देश को दिखा दी है। अब उन्हें विरोधियों के साम, दाम, दंड, भेद आदि हथकंडों से सजग व सावधान रहते हुए आगे अपने मिशन 2027 में तन, मन, धन से लग जाना है। वहीं दूसरी ओर उन्होंने रैली में लोगों को सुरक्षित लाने व वापस ले जाने में जुटे सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों, नेताओं व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।