लखनऊ। गत वर्ष की उपविजेता यूपी करम ने ऑल इंडिया केडी सिंह बाबू सब जूनियर प्राइजमनी हॉकी प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बड़ी जीत दर्ज की। टीम ने पूल बी के मुकाबले में टाटा स्टील जमशेदपुर पर गोल बरसाते हुए 15-0 के विशाल अंतर से जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में गत विजेता नवल टाटा अकादमी ओडिशा और होली वर्ल्ड अकादमी पंजाब ने आसान जीत के साथ पूरे अंक प्राप्त किए। पद्मश्री मो. शाहिद स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता में मंगलवार को यूपी करम और टाटा स्टील जमशेदपुर के बीच खेला गया मुकाबला एकतरफा रहा। इस दौरान यूपी के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबदबा कायम किया और आसान जीत दर्ज की।
मुकाबले में अंशू पाल ने बेहतरीन स्किल का प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक समेत पांच गोल दागे, जबकि देवांश चौरसिया ने भी पांच गोल ठोके। इसके अलावा टीम से विवेक यादव ने दो और अबू बाकर सिद्दीकी, उज्ज्वल यादव व कार्तिक ठाकुर एक-एक गोल करने में सफल रहे। प्रतियोगिता में पूल ए के मुकाबले में गत विजेता नवल टाटा अकादमी ओडिशा ने जय हॉकी अकादमी तमिलनाडु को हर क्षेत्र में मात देते हुए 5-0 के अंतर से जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में नवल टाटा अकादमी के खिलाडियों ने दममदार खेल जारी रखा और बड़ी जीत के साथ अंतिम आठ में जगह बनाई। विजेता टीम से अभिषेक ने दो और अमित, बृजेंद्र और नितेश ने एक-एक गोल किए। दिन का तीसरा और आखिरी मुकाबला भी एकतरफा रहा। यह मुकाबला पूल ए में होली वर्ल्ड स्पोर्ट्स अकादमी पंजाब और हाॅकी त्रिपुरा के बीच खेला गया।
मुकाबले में पंजाब के खिलाडियों ने त्रिपुरा की टीम को हाॅकी का ककहरा सिखाते हुए 13-0 से शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में हॉकी त्रिपुरा के खिलाड़ी शुरुआती दबाव से उबर न सके और मुकाबला गंवा बैठे। विजेता टीम से प्रिंसिपल सिंह ने त्रिपुरा की रक्षापंक्ति को छकाते हुए पांच बेहतरीन गोल दागे। इसके अलावा सहजदीप सिंह, सिमरनजीत सिंह और आकाशदीप सिंह ने दो-दो गोल किए, जबकि करनजीत सिंह एक गोल करने में सफल रहे।
हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को हुए मुकाबले में भिड़ते खिलाड़ी।
हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को हुए मुकाबले में भिड़ते खिलाड़ी।
हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को हुए मुकाबले में भिड़ते खिलाड़ी।
हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को हुए मुकाबले में भिड़ते खिलाड़ी।
हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को हुए मुकाबले में भिड़ते खिलाड़ी।