यूपी बोर्ड परीक्षा की 10वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया जा चुका है। लखनऊ की अंकिता कुमारी व अतिथि कुमार ने शहर का नाम रोशन कर दिया। अंकिता की प्रदेश भर में छठवीं तो अतिथि की नौवीं रैंक आई है। दोनों को जिले में क्रमश: पहला व दूसरा स्थान हासिल हुआ है।
दोनों लखनऊ पब्लिक कॉलेज की राजाजीपुरम् शाखा के विद्यार्थी हैं। जबकि प्रदेश की हाईस्कूल की टॉप टेन सूची में राजधानी का एक भी विद्यार्थी शामिल नहीं हुआ है। बीते साल के मुकाबले इस साल उत्तीर्ण प्रतिशत में इजाफा हुआ है।
अंकिता ने बताया कि उन्हें पूरा भरोसा था कि प्रदेश की मेरिट सूची में उनका नाम आएगा। हालांकि टॉप थ्री में नाम न आने से वे थोड़ी निराश भी दिखीं। अंकिता को 93.40 प्रतिशत अंक मिले हैं। अंकिता के पिता राम प्रकाश भारतीय ने बिटिया के जिला टॉप करने पर खुशी जाहिर की है।
वहीं, अतिथि कुमार को 92.6 फीसदी अंक मिले हैं। अतिथि के पिता अशोक कुमार के अनुसार, उन्हें पूरा भरोसा था कि बेटा मेरिट सूची में आएगा। इसके बाद घर और विद्यालय में बधाई देने वालों का तांता लग गया।