यूपी बोर्ड परीक्षा के केंद्रों का निर्धारण छात्र के स्कूल से न्यूनतम पांच किमी व अधिकतम 10 किमी के मानक पर होना है। इस दूरी के बीच परीक्षा केंद्र अलाॅट करने के लिए स्कूलों की जियो टैगिंग व मैपिंग अनिवार्य की गई है। इसमें जो स्कूल लापरवाही करेगा उसके छात्रों का परीक्षा केंद्र निर्धारण अटक सकता है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। स्कूलों को पांच दिसंबर तक सभी सूचनाएं माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करनी हैं। इसमें स्कूल की जियो टैगिंग व मैपिंग एक अहम प्रक्रिया है। यह सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य है।
परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति के अनुसार परीक्षा केंद्र की दूरी छात्रों के पंजीकृत विद्यालय से न्यूनतम पांच और अधिकतम 10 किलोमीटर होनी चाहिए। दूरी सटीक तभी नापी जाएगी, जब सभी स्कूलों की मैपिंग की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों को सूचनाएं अपलोड करने के साथ अलग से जियो टैगिंग व मैपिंग के भी निर्देश दिए हैं।