पिछले साल वर्ष 2024 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए पंजीकृत 5525342 परीक्षार्थियों में से 323166 (5.84 फीसदी) गैरहाजिर थे। वहीं, 2023 की बोर्ड परीक्षा में पंजीकृत 58,84,634 परीक्षार्थियों में से 450012 (7.64 फीसदी) ने परीक्षा छोड़ दी थी। वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा में 51,92,616 विद्यार्थियों में से 434404 परीक्षार्थी (8.36 फीसदी) गैरहाजिर थे। 2021 में कोरोना के कारण बोर्ड परीक्षा नहीं हुई थी, जबकि वर्ष 2020 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए पंजीकृत 56,10,819 परीक्षार्थियों में से 353684 (6.30 फीसदी) अनुपस्थित थे।
यूपी बोर्ड इस बार भी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी करने के मामले में सीबीएसई व सीआईएससीई से आगे निकल गया। पिछले साल यूपी बोर्ड ने 20 अप्रैल को परिणाम घोषित किया था, जबकि सीआईएससीई बोर्ड का परिणाम छह मई व सीबीएसई का परिणाम 13 मई को घोषित किया गया था।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में सीतापुर के परीक्षार्थी लगातार दो वर्षों से टॉप कर रहे हैं। क्या टॉपर के मामले में सीतापुर की हैट्रिक पूरी होगी, यह शुक्रवार को यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद स्पष्ट हो जाएगा। यूपी बोर्ड की वर्ष 2023 की हाईस्कूल की परीक्षा में सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महमूदाबाद सीतापुर की प्रियांशी सोनी ने 98.33 फीसदी और इंटरमीडिएट में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, चरखरी महोबा के शुभ चपरा ने 97.80 फीसदी अंकों के साथ यूपी टॉप किया था। वहीं, 2024 की हाईस्कूल परीक्षा में सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सीतापुर की ही प्राची निगम ने 98.50 फीसदी व इंटरमीडिएट में सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महमूदाबाद सीतापुर के शुभम वर्मा ने 97.80 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया था।