सिटी स्टेशन रोड स्थित संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में सोमवार को विज्ञान चेतना हेल्पनाइन नंबर के जरिये यूपी बोर्ड कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं को सुझाव दिए गए। विशेषज्ञों ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी तरह का तनाव न लें। समय सीमा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रश्न को हल करने से पहले ध्यानपूवर्क जरूर पढ़े।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि परीक्षा जीवन की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, अतः विद्यार्थी तनावमुक्त रहकर सकारात्मक दृष्टिकोण, संतुलित दिनचर्या और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर पर राजधानी सहित अन्य जिलों से कुल 130 कॉल प्राप्त हुए। हेल्पलाइन नंबर के जरिये भौतिक विज्ञान विशेषज्ञ सौरभ प्रताप सिंह, जीव विज्ञान विशेषज्ञ दीप्ति विश्वकर्मा, अंग्रेजी विषय विशेषज्ञ वंदना तिवारी और गणित विशेषज्ञ पवन कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।