लखनऊ। यूपी बोर्ड की वर्ष 2025 की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन सोमवार से शुरू होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी उप्र. माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 10 जून की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल के परीक्षार्थी एक विषय में इम्प्रूवमेंट या कम्पार्टमेंट परीक्षा दे सकते हैं। इसका शुल्क 256.50 रुपये है। वहीं, इंटरमीडिएट के मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि व व्यावसायिक वर्ग के परीक्षार्थी किसी एक विषय में कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवदेन कर सकते हैं। इसका शुल्क 306 रुपये है। परीक्षा शुल्क को कोषागार में चालान के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्धारित मद में जमा करना है।
किसी प्रलोभन में न आएं छात्र
डीआईओएस ने बताया कि इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया के बीच छात्र या अभिभावक किसी भी तरह के प्रलोभन में न आएं। उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड में किसी तरह का जुगाड़ नहीं चलता है। यदि कोई पास कराने का जुगाड़ बताता है तो अभिभावक डीआईओएस कार्यालय में शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
13 जून तक भेजें आवेदन की प्रति
शुल्क के चालान की मूल प्रति के साथ हाईस्कूल इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट परीक्षा और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा के ऑनलाइन भरे गए आवेदन की प्रति को डाउनलोड कर 13 जून तक परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को रजिस्टर्ड डाक से भेजना होगा।