भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए सोशल मीडिया पर ताकत बढ़ाने के लिए रणनीति बना रही है। इसके लिए 27 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष कार्यकर्ताओं को टिप्स देंगे।
भाजपा लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सोशल मीडिया पर अपनी ताकत बढ़ाएगी। सोशल मीडिया के जरिये मतदाताओं तक केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही विपक्ष (इंडिया) पर भी हमला बोला जाएगा।
विज्ञापन
पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया टीम के कार्यकर्ताओं को विभिन्न प्लेटफार्म के जरिये चुनाव प्रचार के टिप्स देने 27 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यशाला होगी।
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का महत्व बताने के साथ ही उसके सकारात्मक उपयोग के गुर सिखाएंगे। सोशल मीडिया पर चुनाव प्रचार करने, विपक्ष पर हमलावर रहने, पार्टी के कार्यक्रमों को जनता के बीच पहुंचाने का भी प्रशिक्षण देंगे।
सोशल मीडिया के जरिये अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। चुनाव में प्रचार और बैठकों के लिए डिजिटल प्लेटफार्म के उपयोग पर भी जोर दिया जाएगा।