कई जगह असंतोष के सुर
दरअसल, भाजपा ने एमएलसी और राज्यसभा चुनाव में तमाम नए प्रत्याशी उतारे जिसकी वजह से कई जगहों पर असंतोष के सुर उठने लगे हैं। गोंडा के तमाम नेताओं का सपा में शामिल होना चुनावी गणित बिगाड़ सकता है। गोंडा में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी टिकट नहीं मिलने पर कहीं और अपना ठिकाना बना सकते हैं।
यही वजह है कि भाजपा अब अन्य दलों को एनडीए में शामिल कर अपनी जीत का रास्ता तैयार करने में जुट गई है। हाल ही में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मुलाकात को इस कवायद का हिस्सा माना जा रहा है।
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 अक्टूबर को डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विधानसभा का रोडमैप तैयार करेंगे। इस बैठक का उद्घाटन अमित शाह करेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका समापन करेंगे।
बीजेपी के कई पदाधिकारी होंगे शामिल
कार्य समिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, स्थाई आमंत्रित सदस्य, लोकसभा और राज्य सभा सदस्य, लोकसभा 2024 के प्रत्याशी, विधान सभा और विधान परिषद सदस्य, 2022 के प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, प्रदेश माहमंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष जिला प्रभारी और विभिन्न विभागों और मोर्चाओं के पदाधिकारी शामिल होंगे।
यूपी चुनाव से पहले अहम बैठक
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। विधान परिषद के नतीजों ने कहीं न कहीं बीजेपी को झटका दिया है। ऐसे में पार्टी इस बैठक में अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए बेहतर रणनीति बनाने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही विपक्ष के नैरेटिव को काउंटर करने के लिए भी बेहतर प्लान बनाएगी।