फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: ट्रक की टक्कर से भोजपुरी फिल्म डायरेक्टर की मौत, स्पीड इतनी तेज कि हेलमेट हुआ चकनाचूर; साथी घायल

Tue, 21 Jul 2026 05:30 PM IST
Akash Dwivedi अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से भोजपुरी फिल्मों से जुड़े एक युवा अभिनेता और निर्देशक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गलत दिशा से आए ट्रक के कारण हुआ। पुलिस ने वाहन की पहचान कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

विज्ञापन
रोहित शर्मा - फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रिंग रोड पर मंगलवार तड़के गलत दिशा में आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भोजपुरी फिल्म अभिनेता व डायरेक्टर कुशीनगर निवासी रोहित शर्मा (26) की जान ले ली। ट्रक की टक्कर से उनका साथी शोभित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक का नंबर चिह्नित कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। कुशीनगर के तुरपट्टी राउत निवासी रोहित शर्मा (26) परिवार के साथ चिनहट के कमता स्थित शंकरपुरी कॉलोनी में रहते थे। वह भोजपुरी फिल्मों में अभिनय के साथ कुछ फिल्मों का निर्देशन भी कर चुके थे। 

विज्ञापन


इसके साथ ही वह आईटीआई द्वितीय वर्ष के छात्र थे। उनके छोटे भाई मंजेश शर्मा ने बताया कि रोहित सोमवार शाम दोस्त शोभित के साथ मलिहाबाद इलाके में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए गए थे। मंगलवार तड़के करीब चार बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।

 

टक्कर इतनी तेज थी कि रोहित का हेलमेट तक टूट गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेढ़ी पुलिया से मुंशी पुलिया की ओर जाते समय गुडंबा के रिंग रोड पर टीवीएस शोरूम के सामने अचानक गलत दिशा में आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर राहुल की बाइक से हो गई। हादसे में रोहित और शोभित दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रोहित का हेलमेट टूट गया और सिर व दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। घायल शोभित का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रक का नंबर पता चल गया है। चालक की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

विज्ञापन

दोबारा से शुरू किया था फिल्म का काम

रोहित के पिता मगन शर्मा फर्नीचर का काम करते हैं। परिवार में मां गायत्री देवी और छोटा भाई मंजेश हैं। बड़े बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बेहोश हो गईं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई मंजेश ने बताया कि घर की जिम्मेदारियों के कारण रोहित ने कुछ समय से फिल्मों के निर्देशन का काम छोड़ रखा था। काफी समय बाद उन्हें फिर से शूटिंग का काम मिला था और उसी सिलसिले में वह मलिहाबाद गए थे। परिवार को उम्मीद थी कि रोहित फिर से अपने फिल्मी कॅरिअर को नई शुरुआत देंगे, लेकिन सड़क हादसे ने उनकी सारी उम्मीदें छीन लीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें