उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों को भी एआई से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। वहीं शिक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर है। राज्य परियोजना निदेशालय ने एआई टूल का चार चरणों में लक्ष्य आधारित इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है।
टूल से प्राप्त जानकारी और सामग्री का पुनर्परीक्षण व आकलन करने के बाद ही उसे शिक्षण में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। डिजिटल सुरक्षा के तहत शिक्षकों को छात्रों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड और अन्य गोपनीय जानकारी एआई टूल पर साझा नहीं करने की हिदायत दी गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने तकनीक आधारित पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए कई विद्यालयों में इंटरैक्टिव बोर्ड सहित अन्य सुविधाओं से युक्त आईसीटी लैब स्थापित की हैं। अब इनके प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। डिजिटल मार्गदर्शिका इस दिशा में शिक्षकों को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित करने में मददगार होगी।