Naxalite Nagina: सोनभद्र में एटीएस की टीम ने उसके पास से करीब एक लाख रुपये नकद, 9 एमएम की पिस्टल, .32 बोर की रिवॉल्वर, दस सिम कार्ड और अलग-अलग बोर के कारतूस बरामद किए हैं।
झारखंड में 5 लाख के इनामी नक्सली उमेश सिंह खेरवार उर्फ नगीना उर्फ डॉक्टर के खिलाफ एटीएस ने मुकदमा दर्ज किया है। सोनभद्र में उसे गिरफ्तार करने वाली एटीएस की टीम ने उसके पास से करीब एक लाख रुपये नकद, 9 एमएम की पिस्टल, .32 बोर की रिवॉल्वर, दस सिम कार्ड और अलग-अलग बोर के कारतूस बरामद किए हैं। बरामद नकदी ठेकेदारों से की गई वसूली (लेवी) है। उसके साथ प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) का जोनल कमांडर शशिकांत उर्फ आरिज जी उर्फ सुदेश जी भी सोनभद्र आया था जो मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
विज्ञापन
बता दें, नगीना प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी का सब जोनल कमांडर है। 4 सितंबर को झारखंड के पलामू जिले में नक्सलियों के साथ पुलिस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए थे जबकि एक घायल हुआ था। इस घटना के दृष्टिगत अलर्ट जारी होने पर एटीएस की वाराणसी यूनिट की टीम साेनभद्र में नक्सलियों की गतिविधियों का पता लगा रही थी जिसने नगीना को बाइक से आते वक्त दबोच लिया, लेकिन जोनल कमांडर शशिकांत फरार होने में सफल रहा। पुलिस से मुठभेड़ के बाद बिहार के रास्ते वह भागकर सोनभद्र आया था।
नगीना से पूछताछ में सामने आया कि सोनभद्र में उसके कई ठिकाने हैं। इससे एटीएस उसके संगठन के कुछ अन्य गुर्गों के सोनभद्र और आसपास छिपे होने की आशंका जता रही है। उसकी गिरफ्तारी के बारे में झारखंड पुलिस को सूचित किया जा चुका है। जल्द ही झारखंड पुलिस यूपी आकर उससे पूछताछ कर सकती है। इसके अलावा एनआईए भी उससे पूछताछ करेगी जो बलिया के नक्सली नेटवर्क सीपीआई (माओवादी) की जांच कर रही है। उसे आठ दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।