पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ उत्तर प्रदेश एटीएस ने कार्रवाई तेज कर दी है। लखनऊ समेत प्रदेश के 10 जिलों में एटीएस की टीमों ने संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। इसमें सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, अलीगढ़, मेरठ जिले शामिल हैं। इस दौरान 10 से 15 संदिग्ध उठाए गए हैं।
एटीएस की कार्रवाई का मकसद नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान करना और उनकी भूमिका की पड़ताल करना है। एजेंसी पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नए संदिग्धों तक पहुंच रही है। रिपोर्टों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में 150 से अधिक लोगों के बारे में जानकारी मिली है, जिनकी गतिविधियों और संपर्कों की जांच की जा रही है।