अवैध धर्मांतरण के आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर और उसके करीबियों के बलरामपुर, मुंबई और लखनऊ के 15 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार तड़के छापा मारकर अहम सुबूत जुटाए। ईडी ने मुंबई में शहजाद शेख उर्फ इलियास शेख के माहिम और ब्रांदा इलाके में स्थित ठिकानों को भी खंगाला है, जिसके खाते में एक करोड़ रुपये छांगुर ने भेजे थे। वहीं लखनऊ के चिनहट इलाके में छांगुर के मददगार सीजीएम बलरामपुर कार्यालय के बाबू राजेश उपाध्याय के आवास को भी खंगाला गया है।
सूत्रों की मानें तो ईडी ने बलरामपुर के उतरौला में छांगुर के उन सभी ठिकानों को खंगाला है, जहां एटीएस पहले ही छानबीन कर चुकी है। इस प्रकरण में शहजाद शेख का नाम पहली बार सामने आया है, जिसके खाते में छांगुर ने एक करोड़ रुपये भेजे थे। छापों के दौरान ईडी ने कई संपत्तियों के दस्तावेज, सोना, नगदी और लग्जरी गाड़ियों को बरामद किया है। साथ ही, दुबई, यूएई और नेपाल से हुई फंडिंग के सुराग भी जुटाए है। इस दौरान ईडी के अधिकारियों ने छांगुर के करीबियों से पूछताछ भी की। ईडी की टीमें उन सभी ठिकानों पर भी छापा मारा, जिनको छांगुर और उसके करीबियों ने खरीदा था। इसके दस्तावेज बलरामपुर के उप निबंधक कार्यालय ने ईडी को दिए थे। अब ईडी के अधिकारी सभी ठिकानों से मिले सुबूतों की पड़ताल के बाद छांगुर को अपनी कस्टडी में लेगा, जिसके बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।