विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान अब नए वोटरों को भी जोड़ने का काम शुरू हो गया है। जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और उनका मतदाता सूची में नाम नहीं, उन्हें मतदाता बनने का मौका मिल रहा है। इसके लिए ऑफलाइन या ऑनलाइन फॉर्म-6 भरना होगा। पहचान व पते से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। एक निश्चित समय के बाद नाम मतदाता सूची में जुड़ जाएगा।
एसआईआर फॉर्म भरवाकर जमा करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। आठ-दस फीसदी फॉर्म ऐसे बचे हैं, जिन्हें जमा कराना बाकी है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने बताया कि अब नए वोटरों को जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आवेदन आ भी रहे हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म-6 भरकर नए वोटर के लिए आवेदन किया जा सकता है। अगर ऑनलाइन आवेदन करने में कोई दिक्कत आ रही है तो बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन करने की सुविधा है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्थापित हुए लोगों के नाम भी जोड़े जाएंगे। इसके लिए उन मतदाताओं को फॉर्म-8 भरना होगा।