रूठों को मनाएंगे, छूटे नेताओं को बुलाएंगे
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। इस दौरान उन्होंने पार्टी से दूर हुए नेताओं को फिर से जोड़ने के संकेत देते हुए कहा, ''रूठों को मनाएंगे और छूटे नेताओं को बुलाएंगे।''
अखिलेश यादव ने गोरखपुर की घटना का जिक्र करते हुए सड़क हादसों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़े हादसे का उल्लेख किया, जिसमें तीन लोगों की जान गई थी। सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री पर मुकदमा नहीं होना चाहिए था? उन्होंने भाजपा नेताओं और मंत्रियों के काफिलों से जुड़े सड़क हादसों का ब्योरा भी रखा। उनका दावा था कि देश में एक साल के भीतर सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
सत्ता में आए तो यश भारती की राशि एक लाख करेंगे
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को सपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने समाजवादी सरकार के दौरान बनाए गए अभिनव मॉडल स्कूलों के टॉपर विद्यार्थियों को भी लैपटॉप देकर सम्मानित किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए अभिनव मॉडल स्कूलों की शुरुआत की थी। आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इन स्कूलों पर ध्यान नहीं दे रही है, जिसके चलते उनकी स्थिति बदहाल हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान की धनराशि बढ़ाई जाएगी। अभी इस सम्मान के तहत 50 हजार रुपये दिए जाते हैं, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा।
INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे के लिए सपा ने बनाई चार सदस्यीय कमेटी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के समझौते की प्रक्रिया के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बनाई गई इस कमेटी में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी को शामिल किया गया है। यह कमेटी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत और समझौते की प्रक्रिया संभालेगी।