अखिलेश ने किया था सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का किया स्वागत
सपा अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट कर चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन पर कहा था कि पीडीए समाज की आवाज उठाने वाले हर दल का करेंगे सहयोग; बोले- मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन मंशा समाज की भलाई की होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत किया है।
सामाजिक स्तर पर परिवर्तन जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी, जब राजनीतिक परिवर्तन का मोर्चा भी सक्रिय होगा। अखिलेश ने दावा किया कि इस तरह के नए राजनीतिक विकल्प से भाजपा को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है।
पीडीए समाज के हित में साम्प्रदायिक ताकतों से लड़ने और उसकी आवाज उठाने वाले दलों की ईमानदार आवाज जनता तक पहुंचाने में सपा सहयोग करेगी। उनके मुताबिक, इससे उन लोगों के सामने भी एक विकल्प खुलेगा, जो भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते हैं।
वोटों की ठेकेदारी प्रथा खत्म होनी चाहिए
सपा अध्यक्ष ने कहा कि केवल बयानबाजी से सरगर्मी पैदा करने वालों का सच जनता समझती है। ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, बशर्ते उनके पीछे अपने समाज की भलाई की मंशा हो। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई दल किसी की सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता उसे चुनाव में सबक सिखा सकती है।
अखिलेश ने उम्मीद जताई कि राजनीति में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होगी और हर दल अपने समाज के हित में काम करेगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिसका आधारभूत वोट ज्यादा होगा, परिवर्तन चाहने वाली जनता उसी की ओर जाएगी। उनके मुताबिक, पीडीए से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।