सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार में बने एक्सप्रेस वे की हालत को लेकर कहा कि भाजपा सरकार में किसी प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य पूरा बाद में होता है गिरना पहले शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उद्धाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था और उसका मेंटीनेंस अभी भी जारी है। अखिलेश यादव सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा सरकार में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के टूटने को लेकर वीडियो भी दिखाया और कहा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली और लखनऊ वालों के बीच मुकाबला चल रहा है कि किसके पास ज्यादा मुनाफा होगा।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में बने रिवरफ्रंट और अन्य निर्माण की क्वालिटी सबसे अच्छी है। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे का डिजाइन सबसे अच्छा है और भाजपा के लोग अब इसे खराब कर रहे हैं। रिवरफ्रंट पर लगे फव्वारे भी वैसे ही हैं। बच्चों को दिए गए लैपटॉप भी अभी वैसे के वैसे हैं।
यूपीआई रुपये ऐंठने वाली योजना
अखिलेश यादव ने यूपीआई से भुगतान करने पर व्यापारियों पर लगाए गए टैक्स पर कहा कि यूपीआई रुपये ऐंठने वाली योजना है। उन्होंने कहा कि चुंगीजीवी लोगों को रुपये ऐंठने वाली योजना बंद कर देना चाहिए। ये लोग उद्योगपतियों की जेबें भरने की योजनाएं बनाते हैं।
200 करोड़ पेड़ लगाने का आंकड़ा फर्जी
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में 200 करोड़ पेड़ लगाने का दावा किया है। सपा सरकार में हमने एक हजार एकड़ पर एक लाख 34 हजार पेड़ लगवाए थे। सरकार कह रही है कि उन्होंने 200 करोड़ पौधे लगवाए हैं तो वो बताएं कि वो जमीन कहां है जहां 200 करोड़ पौधे लगाए गए थे।
पूर्व मंत्री राम आश्रय कुशवाहा की सपा में वापसी
पूर्व मंत्री राम आश्रय कुशवाहा भाजपा को छोड़कर सपा में शामिल हो गए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुझे आज भी नेताजी (मुलायम सिंह यादव) अपने बीच महसूस होते हैं। उन्होंने सपा की सदस्यता ली और कहा कि जब तक अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री नहीं बना देते वो घर नहीं बैठेंगे।