समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने दीपावली तक सबको टीका देने का लक्ष्य घोषित किया लेकिन जिस गति से टीकाकरण हो रहा है उससे लक्ष्य हासिल करना नामुमकिन है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि टीकाकरण में बड़े स्तर पर लापरवाही हो रही है। इसी लापरवाही का नतीजा है कि टीकाकरण की गति धीमी है। ‘रक्षा कवच‘ के रूप में प्रचारित टीकाकरण की रफ्तार भाजपा की संकीर्ण राजनीति के चलते धीमी हो चली है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दीपावली तक सबको टीका देने का लक्ष्य घोषित किया लेकिन जिस गति से टीकाकरण हो रहा है उससे लक्ष्य हासिल करना नामुमकिन है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी लखनऊ में सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन की कमी के चलते लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
रायबरेली में ग्रामीण क्षेत्रों में कागजों पर टीके लग रहे हैं। बदायूं के उझानी में 34 गांवों में टीकाकरण शुरू नहीं हो पाया। शामली में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में टीका लगाए जा रहे हैं। प्रयागराज में वैक्सीन के दूसरे डोज के लिए स्लॉट बुक नहीं हो रहे। यही शिकायतें लखनऊ सहित कई अन्य जनपदों से भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की शुरू से ही यह मांग रही है कि गरीबों को मुफ्त टीकाकरण की सुचारू व्यवस्था राज्य सरकार को करनी चाहिए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कोराना काल में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जनता को ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवन रक्षक दवाएं, मास्क, सैनिटाइजर सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। लखनऊ में सयुस के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव के नेतृत्व में दो सप्ताह से नि:शुल्क भोजन सेवा चलाई जा रही है।