फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: अखिलेश बोले वस्त्रों से योगी हैं सीएम, विचारों से नहीं, सीएम ने कहा- दुष्कर्मियों के साथ खड़ी है सपा

Sat, 16 Nov 2024 08:07 AM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

UP by-election: यूपी के उपचुनावों में जुबानी जंग तेज हो गई है। नौ सीटों में हो रहे इन चुनावों में मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के बीच ही है। दोनों तरफ से तीखे हमले किए जा रहे हैं। 
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 उप चुनाव में करहल से सपा प्रत्याशी तेजप्रताप यादव के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घिरोर के चापरी मैदान पर जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर सीएम योगी और भाजपा रही। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ केवल वस्त्रों से योगी हैं, विचारों से नहीं। कहा कि सपा की जनसभा में उमड़ी जनता को देखकर अब योगी योग ही करेंगे। उन्होंने सपा को राष्ट्रीय पार्टी बनाकर नेताजी का सपना पूरा करने की बात कही।

विज्ञापन


पूर्व सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नौ सीटों पर उप चुनाव हो रहा है, लेकिन सरकार ने मान लिया है कि वे ये चुनाव नहीं जीतेंगे। इस बार सपा सौ प्रतिशत सीटें जीत रही है। उन्होंने कहा कि जीत का ये चुनाव ऐसा हो गया है कि भाजपा के लोग अब पीडीए की जगह डीएपी भी नहीं पढ़ पा रहे हैं। किसानों को आज डीएपी की आपूर्ति सरकार नहीं कर पा रही है। जिन सीटों पर चुनाव हैं, वहां थोड़ी बहुत डीएपी भेजी जा रही है, लेकिन करहल में बिल्कुल डीएपी नहीं भेजी जा रही है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा वाले पीडीए का फुल फॉर्म बताते थे अब वे डीएपी का भी फुल फॉर्म बता दें। खाद की बोरी का वजन कम करने पर तंज कसते हुए कहा कि पहले भाजपा सरकार बोरी में चोरी करती थी, लेकिन अब बोरी ही गायब कर दी है। पूर्व सीएम यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि डीएपी की आपूर्ति इसलिए नहीं की जा रही है ताकि बाद में उद्योगपति मित्रों से मिलकर बाहर से अनाज मंगाकर मोटा मुनाफा कमा सकें।
विज्ञापन


बरनाहल में प्रस्तावित डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जनसभा पर भी अखिलेश ने भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम को जब पता चला कि जनसभा में कोई नहीं है तो उन्होंने सभा निरस्त कर दी। कहा कि सीएम योगी बारूद की सुरंग खोद रहे हैं और उनके अपने उनकी कुर्सी छीनने के लिए सुरंग खोद रहे हैं।

बंटेंगे को कटेंगे के नारे पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि सीएम ने ये नारा अंग्रेजों से सीखा है। भाजपा वाले अंग्रेजों के वचनवंशी और विचारवंशी हैं। भाजपा बांटकर राजनीति करना चाहती है, जबकि सपा पीडीए से जोड़कर राजनीति करना चाहती है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का परिणाम आने के बाद उत्तर प्रदेश की कुर्सी से भी बदलाव होना शुरू हो जाएगा। इस दौरान सांसद डिंपल यादव और सपा प्रत्याशी तेजप्रताप यादव मौजूद रहे।

एनडीए का पहला शब्द ही नेगेटिव

अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला।
उन्होंने कहा भाजपा और एनडीए वाले नकारात्मक लोग हैं। तभी एनडीए में पहला अक्षर एन नेगेटिव है। वहीं पीडीए में पहला अक्षर पी प्रोग्रेसिव और पॉजिटिव है। इसी कारण एनडीए नकारात्मक राजनीति करती है जबकि पीडीए सकारात्मक राजनीति करती है।

मुख्यमंत्री की लंबाई पर कसा तंज
सपा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ दिन पहले सीएम योगी करहल क्षेत्र में जनसभा करने आए थे। उन्होंने सपा प्रत्याशी तेजप्रताप का नाम तक नहीं पढ़ा। अगर वह उनका नाम पढ़ लेते तो ऐसा भाषण देकर नहीं जाते। तेजप्रताप को जिताकर अगर करहल के लोग विधानसभा भेजे देंगे तो वे अपनी लंबाई का नाप सीएम योगी आदित्यनाथ के कद के साथ भी कर लेंगे। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा में रहे हैं, इसलिए उन्हें पता है कि योगी जी तेजप्रताप से एक इंच छोटे हैं।

श्रीराम के प्रति जिनकी आस्था नहीं, उन्हें त्याग दें : योगी

योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला।
 सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा सांसद लालजी वर्मा के गृहक्षेत्र डांड़ी में शुक्रवार को आयोजित जनसभा में कहा कि हम गरीबी उन्मूलन के लिए काम कर रहे हैं। सभी को उनका हक व सम्मान मिलेगा। जिस गरीब के पास मकान नहीं है, उसे घर दिया जाएगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। अलग-अलग योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जो जिस योजना की पात्रता के दायरे में आएगा उसे वह लाभ बिना भेदभाव दिलाया जाएगा। इसके लिए सर्वे चल रहा है।

सीएम ने कहा कि हम गरीबी उन्मूलन के लिए काम कर रहे हैं। हर गरीब को सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। सबका साथ, सबका विकास को मजबूती से आगे बढ़ाया जा रहा है। सीएम ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग राम के नहीं हैं वह किसी काम के नहीं हैं। यह राम भक्तों पर गोली चलाने वाले लोग हैं। इन्हें अच्छे हे पहचाने रखना है। भगवान राम के प्रति जिसकी आस्था नहीं है वह भले ही हमारा मित्र, रिश्तेदार या संबंधी क्यों न हो, उसे किसी दुश्मन की तरह छोड़ देना चाहिए। कांग्रेस व सपा पर आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि यह लोग जनता को गुमराह करते हैं। यह राम की परंपरा को अपमानित करने वाले हैं। किसानों, युवाओं एवं व्यापारियों के साथ अन्याय करने वाले लोग हैं। यह बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाते हैं। इन्हें आगे मौका नहीं देना है। असल में सपा डॉ. लोहिया व आचार्य नरेंद्रदेव जैसे आदर्शों से भटक गई है। अब उसके आदर्श दूसरे हो गए हैं।

सीएम ने बढ़ाया नेताओं का मनोबल
सीएम ने उपचुनाव को देखते हुए पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाया। हेलीपैड पर उतरने के बाद मुलाकात का सिलसिला चला ही, सेफ हाउस में भी सीएम ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मंच पर पहले की अपेक्षा ज्यादा नेताओं को बैठने का मौका भी मिला।

 
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद का दौर लाना चाहती है कांग्रेस

सीएम कांग्रेस व सपा पर हमलावर रहे। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 खत्म किया। आतंकवाद फैलाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। वर्ष 2014 के पहले आतंकवाद व सीमा पर अतिक्रमण के बाद भी पड़ोसी देशों से संबंध खराब न होने पर ध्यान दिया जाता था। अब नया भारत है। यह छेड़ता नहीं और छोड़ता भी नहीं है। सीएम ने कहा कि अब कांग्रेस अनुच्छेद 370 को वापस लाने की बात कर रही है। इसका सीधा मतलब कि आतंकवाद फिर से वापस लौटेगा। हमारा संकल्प आतंकवाद को खत्म कर देश को विकसित बनाने पर है। हम इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

सीएम के साथ पहुंचे संजय निषाद
सीएम के साथ कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी शुक्रवार को कटेहरी पहुंचे। पिछले दो कार्यक्रमों में न दिखने वाले मंत्री ने मंच से कहा कि तबीयत ठीक नहीं थी। विपक्षी दुष्प्रचार कर रहे थे कि मैं नाराज हूं। इसलिए मुझे यहां आना पड़ा।

अयोध्या में दुष्कर्मी के साथ खड़ी रही सपा
सीएम ने कहा कि अयोध्या में निषाद की बेटी के साथ सपा के गुंडों ने दुराचार किया। पार्टी अध्यक्ष तक आरोपी के पक्ष में दलील देने लगे। अब बेटी के साथ कोई अत्याचार हुआ तो दुष्कर्मी की खैर नहीं। सभा को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ने भी संबोधित किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें