सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो के दौरान हादसे में भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन सिंह की मौत पर शोक जताया है साथ ही मामले पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।
उन्होंने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं।
इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
सपा ने घटना की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की
समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने गोरखपुर हादसे की सच्चाई सामने लाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रदेश के चौराहों पर लगाए गए कैमरों की मदद से घटना का पूरा घटनाक्रम सामने आ सकता है। सपा ने दावा किया कि सीसीटीवी सिस्टम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से भी जोड़ा गया है, जिससे जांच में मदद मिल सकती है।
पार्टी ने कहा कि फुटेज सामने आने से यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और किसकी क्या भूमिका थी। सपा ने यह भी आरोप लगाया कि एक साजिश के तहत घटना को पार्टी से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उसने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी ने प्रदेश के डीजीपी और गोरखपुर पुलिस को भी टैग किया।