रायबरेली की सभा के बयान को बनाया मानहानि का आधार
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि इन्हीं तस्वीरों के आधार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 24 अगस्त को रायबरेली में आयोजित जनसभा में अजय राय के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक टिप्पणी की। आरोप है कि मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं।
बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं तथा राम-राम और बजरंगबली के सामने दंडवत होने का ढोंग करते हैं। परिवाद में यह भी कहा गया है कि जनसभा का वीडियो 24 अगस्त को मुख्यमंत्री के आधिकारिक/व्यक्तिगत एक्स अकाउंट से पोस्ट किया गया, जिसे करीब 2.75 लाख लोगों ने देखा और साझा किया।
अजय ने लगाए ये आरोप
अजय राय की ओर से दाखिल परिवाद में कहा गया है कि वह सनातन धर्म में आस्था रखने वाले व्यक्ति हैं और उनका मांस-मछली से कभी कोई संबंध नहीं रहा है। आरोप लगाया गया कि बिना किसी प्रत्यक्षदर्शी साक्ष्य और केवल सुनी-सुनाई बातों के आधार पर उनकी सामाजिक, पारिवारिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाया गया।
परिवाद में दावा किया गया है कि बयान समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया के जरिए बड़े स्तर पर प्रसारित होने से लाखों-करोड़ों लोगों तक पहुंचा। इससे उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और समाज में उनके बहिष्कार तक की बातें कही जाने लगीं। अजय राय ने इससे मानसिक और सामाजिक आघात पहुंचने का भी आरोप लगाया है। अदालत से मुख्यमंत्री के खिलाफ मानहानि का मुकदमा चलाने की मांग की गई है।