होली पर दिल्ली, मुंबई, बंगलुरु, हैदराबाद से लखनऊ आने वाले यात्रियों के सामने विमानों के महंगे टिकट खरीदने की मजबूरी सी पैदा हो गई है। हवाई टिकट तीन गुने तक महंगा हो गया है। जबकि रेगुलर ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते सीटों की मारामारी बढ़ गई है। चार मार्च को होली का पर्व मनाया जाना है। ऐसे में दिल्ली, मुंबई आदि जगहों पर रहने वाले लखनऊवासी दो दिन पहले से ही घर आना शुरू कर देंगे।
होली पर दिल्ली व मुंबई से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग है। इससे यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ रही हैं। दिल्ली से लखनऊ आने वाली तेजस एक्सप्रेस की चेयरकार में दो व तीन मार्च को वेटिंग 30, 18 है। शताब्दी एक्सप्रेस की चेयरकार में वेटिंग 54 व 25 पहुंच गई है। एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में वेटिंग 81, 43 तथा लखनऊ मेल की स्लीपर में दो को रिग्रेट व तीन मार्च को 118 वेटिंग है।
थर्ड एसी में 63, 43 वेटिंग पहुंच गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मुंबई से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में रिग्रेट से मुश्किलें बढ़ गई हैं। लखनऊ आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर में 83, 72 व थर्ड एसी में 77, 39 वेटिंग है। कुशीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर में रिग्रेट व थर्ड एसी में 30, 19 वेटिंग पहुंच गई है। पनवेल गोरखपुर व अन्य ट्रेनों में रिग्रेट है।
होली पर लखनऊ आने के लिए वेटिंग में 70 हजार से अधिक यात्री हैं। रेगुलर ट्रेनों में वेटिंग चल रही है। ऐसे में तत्काल कोटे की 4200 सीटों पर यात्रियों की नजर है। दिल्ली, मुंबई, हावड़ा रूट से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में तत्काल कोटे की इतनी सीटें हैं, जिनकी बुकिंग यात्रियों को सफर से एक दिन पूर्व करानी होगी। हालांकि तत्काल कोटे की एक-एक सीट के लिए कई यात्री दावेदार होंगे।