प्रदेश के सभी जिलों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल बनाकर 15 हजार अतिरिक्त बेड का इंतजाम किया गया। छोटे जिलों में दो तो बड़े जिलों में चार से छह सीएचसी को डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल बनाया गया है। इन अस्पतालों में दवा की अतिरिक्त खेप भेजी गई है। यह भी निर्देश दिया गया है कि ग्रामीण इलाके में पॉजिटिव पाए गए मरीज के पूरे परिवार की जांच और उसके संपर्क में आने वालों की हर हाल में स्क्रीनिंग कराई जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग को सभी 75 जिलों में 15 हजार बेड, तो चिकित्सा शिक्षा विभाग को 18 हजार अतिरिक्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसी के क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने छोटे जिलों में दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और बड़े जिलों में 4 से छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल बनाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत ज्यादातर जिलों में दो दो सीएचसी डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल के रूप में कार्य करना शुरू कर दिए हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ डीएस नेगी ने बताया कि इन अस्पतालों की स्थिति की समीक्षा की गई। सभी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं भिजवा दी गई हैं। सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सीएससी मैं आने वाले मरीज के परिजनों की हर हाल में जांच कराई जाए। प्रदेश में 1,16,000 से अधिक एल-1 के बेड्स हैं, तो एल-टू और एल-3 के 65,000 से अधिक बेड हैं।